चित्र प्रभात झा जी के ब्लोग गप शप का कोना से साभारऐसा लगता है कि नियति को अब यही मंजूर है कि एक के बाद एक ऐसी कोई न कोई घटना होती रहे जो आम जन को उद्वेलित और आंदोलित करती रहे ।कहां तो कसाब के फ़ैसले पर पूरे देश की निगाहें टंगी हुई थीं और कहां निरूपमा की मौत ने सबके सामने बहुत सारे सवाल उठा दिए हैं और सब इस ह्र्दयविदारक घटना में छुपे निहितार्थ तलाश रहे हैं । हालांकि मुझे पूरा यकीन है कि आज ये हम सबके लिए सिर्फ़ और सिर्फ़ बहस का ये एक मुद्दा है । वास्तविक स्थिति से रूबरू होता हुआ निरूपमा का परिवार , उसका वो तथाकथित प्रेमी प्रियभांशु , के लिए इन बहसों का और उनसे निकल कर आई किसी भी अवधारणा का कोई अर्थ नहीं है । मगर समाज का ये फ़र्ज़ बनता है कि ऐसी घटनाओं को पूरी तरह जानते समझते हुए उस पर अपनी राय रखे ।
निरूपमा की बात सोचता हूं तो मोटे मोटे तौर पर कुछ ऐसा किस्सा सा निकल कर सामने आता है । एक परिवार में एक मेधावी लडकी होती है । लडकी अपने माता पिता की लाडली संतान होने के नाते उसके माता पिता ने अपने सारे सपने पूरे करने की छूट उसे दे दी । आखिर समाज बदल रहा था और ऐसे बदलते हुए समाज में ये कोई बडी बात तो नहीं थी कि कोई मां बाप अपनी बिटिया को दिल्ली मुंबई जैसे महानगर में पत्रकारिता , मौडलिंग, फ़ैशन जैसे क्षेत्रों में अपना कैरियर और नाम बनाने के लिए भेज दे । आज ये सर्वथा आसान बात है । यहां वो लडकी अपनी काबिलियत के दम पर देश की सर्वोच्च शिक्षण संस्थानों में से एक में दाखिला लेकर पढने लगती है । यहां तक तो सब ठीक रहता है , किंतु इसके बाद .....।
इसके बाद लडकी , महानगरीय परिवेश के बदलते व्यवहार के अनुरूप स्वच्छंद जीवन जीती है । स्वच्छंद से मतलब वो उन युगों पहले से चली आ रही सामाजिक बंदिंशों , उन सीमारेखाओं को सिरे से नकार के उन्हें लांघ जाती है । न सिर्फ़ अपने दैहिक स्वतंत्रता को जतलाती है बल्कि गर्भ धारण करने से बचने के सैकडों वैकल्पिक उपाय होते हुए भी गर्भ धारण करती है । इतना ही नहीं इसके बाद सीधा अपने मां बाप के पास पहुंच कर सारी बात बता देती है । और कुछ दिनों बाद उसकी हत्या कर दी जाती है जिसका सीधा सा शक उसके अपने परिवार पर जाता है जिसने अपनी मर्यादा बचाने के लिए उसकी हत्या कर दी ।
मगर कुछ सवाल मेरे मन को कुरेद रहे हैं :-
यदि निरूपमा का परिवार इतना ही दृढ था कि निरूपमा को महानगर में होते हुए भी कुछ ऐसा वैसा करने की हिमाकत नहीं करनी चाहिए थी तो आखिर क्यों नहीं उसे वहीं अपने शहर में ही कोई टीचर , टेलर की नौकरी दिलवाने में दिलचस्पी दिखाई । यदि निरूपमा को दिल्ली भेजा भी तो उसे स्पष्ट क्यों नहीं बताया कि यदि कल को कोई भी , वो कदम जो आधुनिकता की ओर बढेगा वो उसके लिए आत्मघाती साबित होगा । फ़िर ये तो पत्रकारिता की पढाई थी , जरा उन फ़ैशन , मौडलिंग , अभिनय आदि के क्षेत्र में हाथ आजमाने वाली बेटियों के पिताओं से भी पूछ ही लिया जाना चाहिए कि , क्या वे कल को ऐसे किसी अप्रत्याशित कदम के लिए तैयार हैं , या कि अपनी बेटियों को फ़िर हत्या हो जाने के लिए चेता दिया है ॥
आखिर क्या वजह थी कि आज अनचाहे गर्भ से बचने के लिए विकल्प के रूप मे कितनी ही औषधियां, और कितनी ही पद्धतियां हैं तो फ़िर किस कारण से निरूपमा ने उनका उपयोग नहीं किया । क्या उसे ये विश्वास था कि जो मां बाप उसे महानगर में कैरियर बनाने के लिए भेज सकते हैं वो जरूर ही उसके इस फ़ैसले को भी अपना ही लेंगे । आखिर क्यों नहीं ऐसा माना जाए कि प्रियभांशु ने उसे जरूर ही ये विश्वास दिलवाया होगा कि अभी यही ठीक है , या इसकी क्या जरूरत है विवाह तो हो ही जाएगा ? तो फ़िर ऐसे में किसी भी कुंवारी लडकी , वो भी गर्भवती , को अकेले ही अपने माता पिता के घर ( जो कि बिहार ,बंगाल ,उडीसा , झारखंड जैसा कोई क्षेत्र था मुंबई दिल्ली का कोई बहुत ही पौश इलाका नहीं ) भेज दिया कि सारी फ़जीहत , सारा अपमान वो अकेले झेल कर अपने और उसके लिए भी कोई सकारात्मक फ़ैसला ले कर लौट आए । आखिर क्या वजह थी कि आज जो प्रियभांशु इतना कलप कलप दिखा रहा है वो उस समय उसके साथ नहीं था जब उसे सबसे ज्यादा उसकी जरूरत थी । आज तक ऐसी किसी भी घटना में नहीं देखा कि प्रेमी क्षुब्ध होकर अपनी प्रेमिका के हत्यारे परिवार को मार डालता या खुद ही कुछ कर बैठता । और समय ये भी देखेगा कि एक दिन ये प्रियभांशु किसी और का हमराही बन रहा होगा ॥
अभी कुछ दिनों पहले जब अदालत ने लिव इन रिलेशनशिप की बात को जायज़ ठहराया तो इसके पक्ष विपक्ष में बहुत सी प्रतिक्रियाएं आई थीं । बहुत व्यक्तियों का तो ये तक तर्क था कि ये फ़ैसला तो शायद विवाह जैसी सदियों पुरानी संस्था का अस्तित्व भी खतरे में डाल देगा । परिवर्तन कौन नहीं चाहता है , परिवर्तन शाश्वत नियम है जो होता ही है , मगर उस परिवर्तन के लिए क्या पूरा जनमानस तैयार है ये देखने वाली सबसे बडी बात होती है । यदि अदालत के उस नज़रिए से कि दो बालिग आपस में सहमति से दैहिक संबंध स्थापित कर सकते हैं , निरूपमा के माता पिता भी सहमत होते तो शायद ये औनर किलिंग की नौबत नहीं आती । एक सवाल जो बार बार उठ रहा है कि यदि ये सब मान मर्यादा बचाने के लिए किया गया , यानि औनर किलिंग , तो फ़िर क्या निरूपमा को कत्ल कर देने से मान मर्यादा बची रह गई । अब किसे नहीं पता है कि निरूपमा नाम की एक युवती को उसके माता पिता बंधु बांधवों ने सिर्फ़ इस वजह से कत्ल कर डाला कि क्योंकि वो उस महानगर के जीवन का हिस्सा बन रही थी जिसमें पांव पसारने के लिए खुद उन्होंने उसे भेजा था । यदि निरूपमा के परिवार को ये लगता है कि इस तरह से वे अपने उस तथाकथित समाज का साथ लेने में सफ़ल हो गए हैं और अब कह सकेंगे कि देखो हमने तो ये भी कर दिया मगर अपना मान नहीं जाने दिया ।
आज अचानक बीस साल बाद का कोई दिन कल्पना में दौड उठा है , जब हर महानगरीय घरों में बेटियां कह रही होंगी कि हमने अपनी पसंद का साथी चुन लिया है , न सिर्फ़ चुन लिया है बल्कि उसके साथ जीवन के सभी पल बिता लिए हैं , तो ऐसे में खडा उसका बाप उसकी मां क्या करेंगे , आखिर कितनी निरूपमाओं को कत्ल किया जाएगा ? लेकिन बीस साल से पहले तो निरूपमाओं को अपना जीवन बचाए रखना ही होगा न सिर्फ़ अपने बाप से , अपनी मां से बल्कि ऐसे सभी प्रियभांशुओं से भी जो उनकी मौत के बास प्रपंच प्रलाप ही कर सकते हैं ॥

