हिंदी ब्लोग्गिंग में आज जो भी हो रहा है , और उसे देख कर जो भी ब्लोग्गर्स अपने दांतों तले उंगली दबा रहे हैं , या दुख और शायद खुशी भी जाहिर कर रहे हैं , उनकी जानकारी के लिए नहीं भी तो नए ब्लोग्गर्स के लिए यहां ये बताना जरूरी हो जाता है कि अभी जिस स्थिति में हिंदी ब्लोग्गिंग को आप देख रहे हैं वो अब भी जी हां अब भी पहले से घट चुके संक्रमणकाल से बेहतर है । जी हां बिल्कुल ठीक पढा आपने मैंने बेहतर ही लिखा है । कारण क्या दूं इसका , बस इतना समझिए न कि आज जो टूट फ़ूट , रूठना मनाना आप देख रहे हैं वो तो बस एक छोटी सी बानगी भर है । अजी इससे पहले हिंदी ब्लोगजगत अपने शुरूआती दौर में ही जैसे घिनौने माहौल और गलीज़ कुत्ताघसीटी से गुजर चुका है ,उसकी तो अब कल्पना करना भी दुष्कर है । पहले तो एक दूसरे को बलात्कारी और फ़िर बात घर तक और शायद एक दूसरे की मां बहन ..छोडिए पुरानी बातें ।
इन दिनों फ़िर से एक बार लग रहा है कि हिंदी ब्लोग्गिंग धीरे धीरे एक दुष्चक्र में फ़ंसती जा रही है । हालांकि अभी कुछ समय पहले भी धर्म की व्याख्या करने वाले पंडितों और मौलवियों ने अपने पूजा और नमाज का सारा वक्त भी शायद यहीं देना शुरू कर दिया । लेकिन थोडे समय बाद ही उसका प्रभाव कम हो गया था । सबसे लोकप्रिय संकलक ब्लोगवाणी के दोबारा शुरू होने पर अब ये पूरे उफ़ान पर है । एक से एक बढ कर डाक्टर , इंजिनीयर , वैद्य हकीम , सब कमाल कमाल के शोध और उसके नतीजे परोस रहे हैं । न तो पिछली बार ही इन सबका मकसद समझ आ रहा था , न इस बार ही । कम्बखत ये भी तो नहीं बताते कि ये सब पढ कर कितने मुसलमान हिंदू बन गए और कितने हिंदू मुसलमान । या शायद मेरा ही भ्रम हो ये सब कुछ और ही साबित करने के लिए किया लिखा जा रहा हो । वैसे सच कहूं तो मैंनें इतना उच्च कोटि का धर्मशास्त्र विद तर्कशास्त्र को कभी समझने की कोशिश की भी नहीं । पहले ही देख रहा था कि जो जो ऐसी कोशिश कर रहा था वो भी अपनी मूल ब्लोग्गिंग को छोड रोज इनकी बात का जवाब ढूंढने में ही लगा हुआ है । कभी कभी तो लगता है कि हिंदी ब्लोग्गिंग में हिंदुस्तान पाकिस्तान युद्ध लडा जा रहा है । शायद समय आ रहा है कि संकंलकों से ये गुजारिश करनी पडेगी कि ...प्रभु या तो हम जैसे आम इंसानों को ही अपनी शरण में रखो .....या फ़िर इन गुणी जनों को ही पर्याप्त सम्मान दो ।
मुझे याद नहीं कि ब्लोग्गिंग के शुरूआती दिनों में कभी किसी क्षेत्र विशेष को लेकर ऐसा कुछ कहा लिखा गया हो कि फ़लाना राज्य के ब्लोग्गर्स , या कि फ़लाना समूह के ब्लोग्गर्स । मगर पिछले कुछ समय में ही देखा और पाया कि बातें निकलनी शुरू हुईं , इलाहबादी ब्लोग्गर्स , छत्तीसगढ के ब्लोग्गर्स ,लखनऊ ब्लोग्गर्स ...और जाने ही कितने । हालांकि हिंदी ब्लोगजगत , का ये एक चरित्र रहा है कि ये आभासी होते हुए भी बहुत हद तक आभासी नहीं रह पाया । और फ़िर यदि एक ही स्थान से , एक ही शहर से , एक ही राज्य से , एक ही क्षेत्र से ब्लोग्गिंग करने वाले साथी आपस में एक दूसरे से मिल गए , जानपहचान हुई और इसके बाद जो नतीजे निकले , उसीका परिणाम था ये ब्लोग्गिंग में क्षेत्रविशेष का उल्लेख होना करना , जो शायद स्वाभाविक ही था । मगर दिक्कत वहां शुरू हुई जहां से सभी ब्लोग्गर्स के अलावा भी इसी समाज के फ़ितरत के अनुरूप ही व्यवहार करने लगे , ऐसा मेरा अंदाज़ा मात्र है । छोटा सा उदाहरण ये है कि अभी हाल में श्री अनिल पुसदकर जी और ललित शर्मा जी के बीच किसी गलतफ़हमी की बात कही जा रही है , ये गलतफ़हमी शायद इसीलिए हुई क्योंकि दोनों ब्लोग्गर्स मित्र एक दूसरे से परिचित थे , यदि न होते तो शायद इस गलतफ़हमी की कोई गुंजाईश भी नहीं होती । और अनिल जी की उस टिप्पणी के विरोध में आहत होकर , नाराज होकर या क्षुब्ध होकर ललित जी ब्लोग्गिंग छोडने का निर्णय करने की बजाय कोई ठसकदार पोस्ट लिख कर उसका जवाब देते ।खैर देर सवेर तो ये गलतफ़हमियां दूर होंगी ही । मगर यहां मुझे गिरिजेश राव जी की बात ही सामने रखनी पडेगी कि , यदि दूर से ही सुंदरता बरकरार रहती है और चेहरे के दाग नजदीक आने पर ही दिखते हैं तो फ़िर चेहरों को आमने सामने लाया ही क्यों जाए ।और आज यही सबसे बडा कारण है यहां चल रही किसी भी तरह की खींचातानी का ।
अब एक और मुद्दे की तरफ़ चलते हैं । ऐसी घटनाएं जब भी घटती है तो हिंदी ब्लोग्गिंग की दशा , दिशा और भविष्य पर भी खूब चर्चा होती है । और सबसे बडी बात तो ये है कि चर्चा में सब कूदते हैं , मैं , आप और हम सब ही । मगर उस समय ये भूल जाते हैं कि आखिर ये किया धरा भी तो हमारा आपका ही है न । कहने और गिनने को तो आज हिंदी ब्लोगजगत में पच्चीसों हज़ार ब्लोग्गर्स हैं , मगर यदि लिखने पढने और टिप्पणी करने में बार बार घूम फ़िर कर वही नाम सामने आते हैं तो उसका सिर्फ़ एक स्पष्ट कारण है कि ये सभी नियमित लेखक और पाठक हैं । और जिसे गुटबाजी कहा जाता है वो सिर्फ़ इन्हीं नियमित ब्लोग्गर्स में ही है । शुक्ल जी, पांडे जी, लाल जी, झा जी, शर्मा जी , शाह जी , दूबे जी , सहगल जी , मिश्रा जी, शास्त्री जी , आदि जितने भी जी लोग हैं , वो सब बदहजमी से पीडित लोग ही असल में इसकी वजह हैं । किसी ने ब्लोग्गिंग को हिंदी सेवा होना बताया , हमें हजम नहीं , किसी को कोई पुरस्कार मिला , चाहे वो ब्लोग जगत का ही कोई पुरस्कार क्यों न हो , हमें हजम नहीं होता , किसी को किसी की चर्चा हजम नहीं हो रही है किसी को ये हजम नहीं हो रहा कि उसकी चर्चा नहीं हो रही है । और हजम न हो तो न हो , उसके लिए दवाई हमें खुद को खिलानी चाहिए । मगर न जी हम तो उसे कारण बताते हैं कि वही है हमारी बदहजमी की वजह , जबकि मूलत: हम बदहज्म लोग ही हैं । जब देखते हैं कि बात आमने सामने कहने में झिझक हो रही है , झिझक इसलिए ही क्योंकि जानते हैं न एक दूसरे को , तो फ़िर लगते हैं एक दूसरे पर कटाक्ष करने , उससे भी बात नहीं बनी तो बेनामी बन लिया जाए । तब कौन रोक सकता है अपनी बदहजमी को अपनी बदनीयती के साथ परोसने से ।
मैं सोच रहा हूं कि इधर कुछ दिनों से हिंदी ब्लोगजगत पर सबकी नजरें टिक रही हैं , सभी जानने लगे हैं कि हिंदी ब्लोगजगत में लोग क्या पढ लिख रहे हैं , और कहां कैसे किस बात पर लड भिड रहे हैं तो बेशक ही विनीत कुमार अपनी पुस्तक में हिंदी ब्लोग्गर्स का बढिया बढिया नज़रिया छाप कर विद्यार्थियों को हिंदी ब्लोग्गिंग का उजला पक्ष दिखाने का प्रयास करें । मगर असलियत में जो चल रहा है उससे कभी आलोक मेहता जैसे संपादक को हिंदी ब्लोग्गिंग का उपहास उडाने तो कभी राजीव ओझा जी जैसे स्तंभकार जी को हिंदी ब्लोग्गिंग की टिप्पणियों के मनोविज्ञान पर एक nice चपत लगाने और उससे भी ज्यादा कुछ ब्लोग्गर्स को ये कहने का अवसर तो मिल ही जाएगा कि ...लुक दिस इज योर्स हिंदी ब्लोग्गिंग , फ़िल्थी एंड स्टिंकिंग ........। अब ये तो तय हमें खुद करना है कि हमें कौन सी कैसी ब्लोग्गिंग चाहिए । मुझे इसका कोई शौर्टकट उपाय नहीं पता , न ही कोई होगा शायद । हां कुछ कोशिशें जरूर की जा सकती हैं । मसलन बन जाईये एक दूसरे से अजनबी, भूल जाईये कि आप जानते हैं किसी , यदि किसी से स्नेह , प्रेम , और यहां तक कि नफ़रत का कारण उससे पहचान भर होना है तो फ़िर यही उचित है । दूसरा और बहुत जरूरी उपाय है कि इतना लिखो , इतना लिखो ...मगर सकारात्मक , ..इतना प्यार उडेलो , इतने मुद्दे उठाओ कि ये सब अतडे पतडे ...उस सैलाब में बह जाएं या उस तूफ़ान में उड जाएं तिनके की तरह । ब्लोग परिकल्पना उत्सव जैसे प्रयासों को भरपूर समर्थन मिलना चाहिए , और ऐसे ही नए नए प्रयास शुरू किए जाने चाहिए । मैं खुद बहुत जल्द ही एक योजना की शुरूआत करने जा रहा हूं जिसमें प्रति माह एक ब्लोग्गर को उसके लेखन कार्य के लिए नकद रूप से पुरुस्कृत किए जाने की योजना पर विचार हो रहा है । सप्ताह भर की पोस्टों पर आधारित स्तंभ ब्लोग बातें भी शुरू किया जा चुका है । तो अब तय हमें खुद करना है कि हिंदी ब्लोग्गिंग का भविष्य कैसा होना चाहिए .........??????????