मंगलवार, 18 मई 2010

दिल्ली ब्लोग्गर्स मीट में जिन जिन से पैसे लिए गए थे वे हिसाब ले लें ......







जी हां बिल्कुल ठीक कह रहा हूं जी , अभी अभी इस पोस्ट पर एक कमेंट में किन्हीं मित्र ने बताया कि "झा ने, दिल्ली ब्लोग्गर्स की जो बैठक की थी , उसमें सभी शामिल होने वालों से पैसे भी लिए थे ।सो मेरा तत्काल फ़र्ज़ बनता है कि आप सबको उसका हिसाब दिया जाए । वैसे कायदे से तो ये बात ब्लोग्गर्स मीट की रिपोर्ट के दौरान ही देनी चाहिए थी , मगर अफ़सोस कि तब मुझे ही नहीं पता था कि मैंने किसी से इसके लिए कोई पैसे लिए थे । और कम से कम मुझे तो लगता है कि इश्वर की कृपा से इतनी औकात तो है ही मेरी कि अपने मित्रों के साथ बैठ कर मैं खाना पीना खा सकूं और कुछ देर बतिया सकूं । और उसके लिए मुझे सबसे कहना पडे । हालांकि बहुत से मित्रों , और बडे भाई सरीखे ब्लोग्गर दोस्तों ने इस बारे में मुझ से भरपूर आग्रह किया था , मगर मैंने अगली बार का कह कर टाल दिया था ।



वो तो भला हो अब उन अनाम जी का जिन्होंने अभी अभी सार्वजनिक रूप से बताया कि झा जी ने इसके लिए सबसे पैसे लिए थे । ऐसे में यदि उस बैठक में शामिल अनुज नीशू तिवारी को लगा कि ये बैठक सिर्फ़ खाने पीने तक सीमित रह गई तो इसका मतलब स्पष्ट है कि ये तो दोहरा घाटा हुआ ।तो भाईयों आप लोग फ़टाफ़ट अभी के अभी मुझ से हिसाब ले लें । क्या पता कल को कोई और ही महाघोटाला निक्ल ही आए । आज के बाद किसी भी ब्लोग्गर मीट से तौबा और किसी भी ब्लोग्गर मीट में शिरकत बंद ।

सोमवार, 17 मई 2010

जाईये आप सबसे कुट्टा ..खुद तो 21 कमाए नहीं , हमारे 11 भी गए ...


मैं आज आप सब महिला ब्लोग्गर्स से बहुत ही नाराज़ हूं ..एकदम से कुट्टा करने का मूड बन गया है । एक तो कायदे से आप लोग कभी कोई जलजला आने नहीं देते , खासकर तब तो बिल्कुल भी नहीं जब कोई अपने बंदूक की नल्ली आप महिला ब्रिगेड की तरफ़ घुमा दे । आप लोग सब कुछ छोड के उसके पीछे ऐसे पडते हो जैसे सुनामी आ जाती है ..अचानक ही ..हाहाकार करते ...हजारों फ़ुट लंबी लबीं लहरें (अरे रे रे ....यहां पोस्टें मान लीजीए न ) और उसके आगे सब के सब ठीक बैसे ही लगते हैं जैसे खली के आगे राजपाल । हमारा मामला तो होता तो देखिए बिना नाम के ही ( अरे मेरे कहने का मतलब है कि खाली सरनेम से ही ) हम कितने जलजलाटिक टाईप हो गए थे सब के सब , अभी हाल ही में । अब किसी नाम वाले बंदे , जीते जागते इंसान ब्लोग्गर में तो ये हिम्मत बची नहीं थी , सो भगवान ने या पता नहीं शैतान ने अचानक ही किसी दिलजले ..ओह माफ़ करिएगा जलजले को भेज दिया कि जा बच्चे कुछ ऐसा कर कि बस मेल जलजले से लोग पार पाएं भी न और फ़ीमेल जलजला आ जाए ।


बंदे ने ....अरे नहीं यार बंदा तो था ही नहीं वो ...तो उस जलजले ने फ़टाफ़ट क्या धांसू आईडिया निकाला । एक लंबी सी टीप बनाई और बस शुरू हो गए दनादन ....कौपी पेस्ट , कौपी पेस्ट ..अब इस Ctrl c ..और ,Ctrl v को थोडी पता है कि इसका उपयोग ब्लोग्गर भाई , लोग किस किस तरह से कर लेते हैं । इसी बहाने नाईस जी की सदाबहार टिप्पणी को पहली बार कडा मुकाबला मिला । नाईस जी ने पूरे साल भर में मिला कर जितनी बार नाईस लिखा होगा उसने एक ही टीप में उससे ज्यादा लिख डाला । और सुना है कि कई बार तो पोस्ट में से आवाज आने लगी । भाई जलजले बख्शो यार ...ये तुम्हारी टीप तो मुझसे भी बडी है ..कुछ काट छांट करो न ..मगर जलजले में कोई काट छांट हो सकती है भला । वो भी कुमार ..यानि कुंवारा जलजला था वो ....वैसे भी शादीशुदा होता ...तो काहे का जलजला ....पिलपिला होता वो । खैर , हमारे जैसे सनातनी भुक्कड ब्लोग्गर संगठन ने फ़ौरन से पेशतर इस टिप्पणी और उनकी प्रतियोगिता को गंभीरता से लेते हुए , फ़टाफ़ट ही टीम तैयार की । योजना बन गई थी कि पहले ११ हजार लपकने की कोशिश की जाएगी और यदि संभव हुआ तो अपने ही गैंग की किसी ब्लोग्गर के पक्ष में सबका वोट बटोर कर २१ भी अपने पास ही आ सकते हैं । यानि कुल बत्तीस हजार से एक ब्लोग्गर फ़ंड की शुरूआत की जाएगी ...नाम होगा जलजला हाईपोथिकेटेड बेस्ट महिला ब्लोग्गर ईनाम निर्मित फ़ंड .....।


मगर न जी , ऐसा कभी संभव है कि जो सोचो वो हो जाए । पूरी महिला मंडली ने ऐसा मोर्चा खोला ...मैदान , हवाई और समुद्र के अंदर तक मार मार कर ही दम लिया । अब सुना है कि जलजला जी बुलबुला बन कर बैठ गए हैं और इसी के साथ आप सब लोगों ने न तो खुद २१ कमाए न ही हमें ११ कमाने का मौका दिया । हाय आप सबको पाप चढेगा ..........॥



ओह आज बडे ही दुख का दिन है ...ब्लोगजगत का एक उदीयमान ..जलजला ...समय से पहले ही पिलपिला पड गया और पूरी महिला मंडली ने उस बुलबुला समझ के फ़ोड दिया ॥

रविवार, 16 मई 2010

एक चिट्ठी मां के नाम ....जिसे अब वो कभी भी न पढ पाएगी




मां पता नहीं आज क्यों मन इतना व्याकुल है , मुझे नहीं पता । आज न तो कोई त्यौहार है न ही कोई दुख या संकट की घडी मुझ पर अचानक आई है , क्योंकि अक्सर इन्हीं दोनों समय पर तुम मुझे बहुत ही याद आती थी , मगर फ़िर भी मैं नहीं जानता कि आज तेरी इतनी याद क्यों आ रही है मुझे । मां , मुझे नहीं पता कि तुझ तक ये चिट्ठी कैसे पहुंचेगी मगर इतना जानता हूं कि जब यहां भी बिना बोले , बिना कुछ कहे तू मेरी हर बात , समझ जाती थी तो ये बात भी तुझ तक जरूर ही पहुंच जाएगी ।

मां गांव और घर तो उसी दिन छूट गया था जिस दिन पढाई पूरी करने के बाद इस शहर का रुख किया था । काश कि पता होता कि ट्रेन पर शुरू की गई वो यात्रा , गांव की मिट्टी से , तुझसे , गांव के खेत खलिहान से , बगीचों तालाबों से मेरी विदाई जैसा है तो वो यात्रा नहीं शुरू करता । मुझे नहीं पता कि गांव में रहते हुए मेरा भविष्य क्या होता । मैं ये भी नहीं जानता कि यहां राजधानी में रह कर जो नाम पैसा कमाया वो ज्यादा अच्छा था या गांव में किसी छोटी दुकान पर दिन भर में कुछ बेच कर शाम को आंगन में तुम्हारे हाथों की पकाई हुई रोटी और खेडही दाल ( मूंग की छिलके वाली दाल ) की नींबू वाली चटनी के साथ जिंदगी गुजारना । गांव के छूटने का दुख तो पहले ही था ,मगर जब तू थी और बाबूजी के साथ गांव में ही रहने के तेरी जिद थी तो उसके कारण एक बहाना तो था ही , और इस बहाने को अंजाम तक पहुंचाने में तेरा वो आग्रह छठ पूजा मे आने का आग्रह , बसंत पंचमी में आने की जिद , बिलटू के उपनयन में पहुंचने की ताकीद , जाने कितने बहाने थे जिन्हें सुनने को मैं मन ही मन आतुर रहता था और फ़िर लाख इधर उधर होने के बाद अंदर से अपना मन होने के कारण किसी न किसी जुगाड से पहुंच ही जाता था ।

मां इस बार तेरे बैगैर वो घर , घर कम एक सराय ज्यादा लग रहा था । कहने को तो चाची , चाचा सब थे मगर फ़िर भी जितने दिन रुका मैं बिपिन के घर ही खाता पीता रहा । बाबूजी जिद कर रहे थे , कि मुझे यहीं छोड जाओ , मैं कहां रह पाऊंगा , मगर मां ये तो तुझे भी पता था न कि अब गांव में कोई ऐसा भी नहीं बचा है जो दवाई भी ला सके बाहर से इसलिए बाबूजी को भी साथ ले आया । मां , बस यही एक गलती हो गई है शायद मुझसे , मगर क्या करूं उन्हें किसके भरोसे छोडता वहां , अब कौन है वहां तेरे जैसा ? यहां कुछ दिनों के लिए बबलू ले कर गया था बाबूजी को , अपने यहां रखने के लिए , मैं कैसे मना करता , आखिर उनका छोटा बेटा है , मगर मां नहीं बता सकता कि क्यों फ़ोन पर की गई एक बातचीत के बाद मैं उन्हें लेकर यहां आ गया हूं कभी कहीं नहीं जाने के लिए । मां , तू होती तो शायद इस बार भी बबलू की बात को छिपा कर मुझे और उसे भी मना लेती , मगर देख न अब तो वो पूरी तरह निश्चिंत हो गया है, महीनों हो गए उससे बात करते हुए ।

मां मैं बाबूजी की सेवा पूरी निष्ठा से कर रहा हूं , यहां उन्हें किसी बात की तकलीफ़ भी नहीं है । मगर फ़िर भी जाने क्यों मुझे लगता है कि मैंने उनका दिल कहीं किसी आलमारी , किसी शैल्फ़ में कैद करके रख दिया है । उनका मन हमेशा ही कहता रहता है कि उन्हें मुक्त कर दूं , उन्हीं अपने घर दालान , खेत खलिहान , आम के पेड, गेहूं धान सब देखने के लिए , अपने हाथों से बेलपत्र तोड कर महादेव मंदिर में चढाने के लिए , मगर मैं चाह कर भी नहीं कर सकता ये । मां उन्हें अब मेरे साथ ही यहीं रहना है वे रह भी रहे हैं , और मां एक और बात बेशक तेरी बहू समझे न समझे तेरे पोता और पोती समझ रहे हैं अच्छी तरह कि वे दादा जी हैं , एक ऐसे व्यक्ति जिनकी उनके पिता बहुत इज्जत करते हैं और शायद यही वजह है कि वे अब उनके साथ खूब समय बिताते हैं ...। मां तू जल्दी चली गई ...कुछ दिन तो और रुकती न .....

मैं नहीं जानता कि मैंने ये क्यों लिखा ...............मगर आज मां की याद आई तो लिखता चला गया ........

शनिवार, 15 मई 2010

गुर्राते हए आया चिचियाते हुए गया .......... हिंदी ब्लोग्गिंग वर्सेस अंग्रेजी ब्लोग्गिंग



बहुत से प्राणी जीव जंतु आजकल इसी ताक में रहते हैं कि कब हिंदी ब्लोग जगत में कोई उठापटक हो और वे अपनी सारी नोक्सी लगा कर पिल पडें । और जैसे बारिश की बूंदों के पडते ही कई टाईप के बायोलोजिकल और हर्बल से कीटाणु सक्रिय हो जाते हैं वैसे ही यहां भी कुछ कुछ ऐसे ही हालात हो जाते हैं , मगर इस बार तो हद ही हो गई । जैसे ही लौग इन किया वैसे ही एक गुर्राहत सुनाई दी ..सकपका कर देखा ..सोचने लगा यार ..वो बाघों के कम होने पर एक पोस्ट मैंने भी लिखी 1411 लगा के ..कहीं उसी के असर से कोई जनगणना में छूटा बाघ तो नहीं आ गया ..अपना रोल नंबर लिखवाने ...मैं तो कहने भी वाला था जा बे निकल यहां से पहले अपनी जाति वाति फ़ायनल कर अब तो बेटा डेमोक्रेसी विद कास्टिंग काऊंट ....( वो कास्टिंग काऊच की तर्ज़ पर ) हो रहा है यहां । अब चाहे गुर्राओ या हिनहिनाओ ....बेटा बिना जाति के कुछ नहीं होने वाला । मगर गौर से देखा तो नथुने फ़ुलाता ....एक अंग्रेजी ब्लोग दिखा ...।

मैं और भी हैरान परेशान हो गया । क्यों बे ....आज इधर कैसे ...बेटा तुम लोग तो कभी हिंदी ब्लोग की तरफ़ आते भी नहीं हो ..अबे हम तो अक्सर चर्चा वर्चा के बहाने तुम्हारी कुछ बातें भी कर लिया करते हैं मगर तुम बेशर्मों कभी एक कौमा फ़ुलस्टौप भी नहीं .....आज कैसे भई ..और ये क्या तुम्हारा लीडर कहां है ..मेरा मतलब वरिष्ठ ब्लोग्गर भाई ..पुराना ब्लोग ....अबे तुम लोग तो काफ़ी पहले से लिख रहे हो न ....कोई डायनासोर है क्या ब्लोग्गिंग में ...मेरा मतलब पुरना इतना तो होगा ही न ...? अबे कुछ बोलत अकों नहीं है बे ...।

वो भडक गया ...अबे चुप होगा तो बोलूंगा न ....आज तो मुझे आना ही पडा ..एक तो यार जब भी तुम लोगों का कोई लफ़डा शफ़डा होता है ..तुम लोग हम लोगों का नाम लेने लगते हो ..तो मुझे आना ही पडा । हमारे यहां कोई वरिष्ठ या छोटा नहीं होता , हम कौन सा तुम्हारी हबीबगंज से करीबगंज तक ही हैं ...हम तो जाने कहां कहां के हैं । आज तो मैं बताने ही आया हूं कि अंग्रेजी ब्लोग्गिंग के आगे हिंदी ब्लोग्गिंग कुछ नहीं है ..कुछ भी नहीं भाई ...।

अब भडकने की बारी मेरी थी ...और जाहिर है कि मैं अपनी बारी के बिना भडकता तो गुड मैनर्स नहीं होते न .....सो मैंने भडक कर कहा तो चल हो जाए एक ट्वेंटी ट्वेंटी ...मैच करवा लें क्या । अबे हमारे पास नाईस टिप्पणी है । अंग्रेजी वाला बोला ..अबे वो तो हमारा शब्द है । हमने कहा ..बेटा ये कहो कि कभी हुआ करता था ...अब तो हिंदी ब्लोग्गिं का हो लिया ये ...तुम कोई दूसरा ढूंढ लो ....न हो तो अंग्रेजी में ..achha hai .....लिखा करो । अबे हमारे पास ऐसी ऐसी पोस्टें हैं जिनमें सैकडों टिप्पणियां हैं ....अंग्रेजी वाला बोला ..आयं सच में ..हमारे पास तो सैकडों ब्लोग और पोस्टें हैं जहां एक भी टिप्पणी नहीं है । अबे हमारे पास ब्लोगवाणी है ....अंग्रेजी वाला बोला ..हमारे पास तो हजारों एग्रीगेटर्स हैं ..अब किसका नाम लूं । अबे जाओ बे ..फ़ि तुम्हें क्या पता ...हौट , पसंद, नापसंद , ....आदि का ..महत्व कितना होता है ब्लोग्गिंग में ..कभी कभी तो बस इसी का महत्व रह जाता है ..ब्लोग्गिंग का कम हो जाता है । हमारे पास चिट्ठाचर्चा नामक एक संयंत्र है ..इसके माध्यम से अलग अलग रिएक्टरों से परमाणु हमला किया जाता है .....अबे बडी मारक क्षमता है इसकी ...एक तो हमारा अपना भी है ..मगर उसके cell जरा कमजोर हैं सो असर जरा कम होता है उसका ।


अब मैंने देखा कि वो बेचारा हमारे ताबडतोड वार से घबरा गया था हमने सोचा कि अब तो फ़ायनल स्ट्रोक मार ही दिया जाए । सुन बे ..एक काम कर तू अपने में से दस बीस छांट ला ...धुरंधर ..इधर हमारी तरफ़ से भी कुछ मैं भेजता हूं ....देखते हैं कि कौन जीतता है ..20-20 में .....। उसने डरते डरते पूछा ..किसे भेजोगे ....ये तो बताओ .....हमने कहा ..हू..हा ..हा ..हा हा...........बेटा यही तो संस्पेंस है ....। और दिमाग में नाम घूम रहे रहे .....ढपोरशंख ...जलजला..भूतनी...घटोत्कच ......हू हा हा हा ...कच्चा चबा जाएंगे सब के सब ..अंग्रेजी ब्लोगिंग को ।....वो जो गुर्राते हुए आया था ...चिचियाते हुए ..भाग लिया । ...हम गा रहे थे ...

टैण टैनेन ..टैने नेन टैने नेन........

गुरुवार, 13 मई 2010

निश्चित रूप से समीर लाल : और कौन ?




अभी हाल ही में पूछा गया कि बताईये कौन चुनेंगे , लाल कि शुक्ल ? लो अव्वल तो यही पता नहीं कि पूछा किससे गया था , लेकिन अब चूंकि ब्लोगजगत पर पूछे गए हर सवाल को हम जरा निजि रूप से ले लेते हैं , अब यार इस तर्ज़ पर ये मत कह बैठना कि फ़िर ऐसा क्या ब्लोगजगत पर दी जा रही बेशुमार गालियों के लिए भी क्रेडिट लेने को तैयार हैं क्या आप ? तो मैं कह रहा था कि जब सवाल पूछ ही लिया गया, ये संभावना व्यक्त की जा सकती है कि इस बार उन्होंने मानसिक रूप से हलचला के नहीं बल्कि मन के सिक होने के कारण ऐसा पूछ ही डालने की सोची हो , और मेरे विचार से तो सबको एक एक करके ये पूछते रहना चाहिए कि , फ़लाना और ढिमकाना में से फ़ोटो में कौन सुंदर दिखता है , किसकी पंच लाईन , ब्लोग टाईटल, किसका परिचय आपको ज्यादा प्रभावित करता है , हां औपशन कम होंगे तो उफ़ान उतना ही अधिक होगा ये पक्का है । तो जब ये पूछा ही गया था तो सब के सब शर्मीले हमारे भाई बंधुओं ने बिना एक की भी साईड लिए जाने कौन कौन बात कह गए । वैसे देखा जाए तो गलती उनकी भी नहीं थी ।


दरअसल जबसे भारत में सबने कौन बनेगा करोडपति देखा है तभी से सबको कम से कम चार औपशन की आदत पड गई है , ए बी सी डी , वो भी तब जब साथ में फ़ोन अ फ़्रेंड , और पब्लिक वोटिंग की लाईफ़ लाईन भी हो , तो ऐसे में बिना इन सुविधाओं के भला हमारे निरीह और मासूम ब्लोग बंधु लोग कैसे जवाब देते डायरेक्टली । मगर हम ठहरे जरा से कठपिंगल टाईप प्राणी , सो हम दिए देते हैं वो भी बिना लाग लपेट के , क्योंकि सुना है कि बिना लाग लपेट के जो कहा जाए वही सच है , फ़िर चाहे इस सच में आप कितनों को ही लपेट के लाग/आग लगा दो ।

त हमारे लिए तो उत्तर बनता है ,,,,निश्चित रूप से समीर लाल ....भला और कौन । अपने उडनतश्तरी जी कनाडे वाले । लो इसके लिए हमारे पास पूरे वाजिब कारण भी हैं भाई । आईये आपको भी एक एक करके बताते हैं । हमारे समीर लाल जी एक अकेले ऐसे ब्लोग्गर हैं जो एलियन हैं , माने कभी भी कहीं भी की तर्ज़ पर , उनका वाहन है उडनतश्तरी । तो अब ये बात तो कोई भी समझ सकता है इंसान हो या शैतान , उसका एलियन से क्या जोड और क्या मुकाबला , फ़िर शुक्ल जी तो सिर्फ़ ब्लोग्गर भर हैं ।

अब बात दूसरी , शुक्ल जी ठहरे घोर फ़ुर्सत में रहने वाले फ़ुर्सतिया , अब फ़ुर्सत में रहेंगे तो मौज उठनी तो स्वाभाविक है ही । दूसरी तरफ़ अपने उडन जी सर्वाधिक व्यस्त । सबको पढने में , न सिर्फ़ बांचने में बल्कि टीपने में भी , हौसला बढाते सबको सब जगह मिल ही जाते हैं , तो इसलिए भी हम समीर लाल को चुनते हैं ।


शुक्ल जी चिट्ठाचर्चा करते हैं जबकि चिट्ठे खुद उडन जी की चर्चा करते रह्ते हैं । न हो तो चिट्ठाजगत है न , हाथ कंगन को आरसी क्या पढे लिखे को फ़ारसी क्या , चिट्ठाजगत खुद हर ब्लोग का परिचय जब मेल बक्से में करवाता है तो उसके साथ एक गिफ़्ट वाऊचर के रूप में उडन जी की पंक्तियां भी आती हैं , और उसके कुछ देर बाद खुद उडन जी भी प्रकट हो ही जाते हैं अपने एयर फ़ोर्स वन में बैठ के । तो फ़िर ....कौन .....जी हां समीर लाल ।


किसी भी आते हुए ब्लोग्गर का स्वागत हो , या किसी भी रूठे हुए जाते हुए ब्लोग्गर को मनाने की बात , उडन जी हर जगह अपनी मौजूदगी का एहसास कराते हैं । शुक्ल जी कित्तो फ़ुर्सत में रहें टीपने से बढिया उद्दम उनको मौज लेना ही लगता है , सो अपनी फ़ौज ( अब यार भगवान के लिए फ़ौज का मतलब यहां सिर्फ़ उनके शब्द और शैली को ही समझना, बाई गौड सब के सब पक्के समझियास्टिक हैं ) के साथ वे भरपूर मौज लेते हैं । तो हमें तो फ़िर से समील लाल ही .....


चलते चलते एक बात और क्लियर करते ही चलें , बेशक सबको पूरी छूट है कि इस पोस्ट को किसी भी नज़रिए से देखा जाए ( अब मेरे कहने भर से तो आप अपना नज़रिया बदलने से रहे तो ऐसा ही सही ) और हां यदि कल को कोई हमें ब्लोगिक्ली (ऊ पब्लिकली होता है न वैसे ही ), समीर जी का चेला घोषित कर दे , तो कर दे , हमे खुशी ही होगी , शुक्ल जी कौन सा हमें कनाडा का वीज़ा दिलवाएंगे , ज्यादा हुआ तो एक ठो बंदूक खरीद देंगे कि चलाओ ....।

और एक बात का अफ़सोस रहबे करेगा कि यदि ऊ पोस्ट में औप्शन का औप्शन रखा जाता तो हमें यकीन था कि , अगला नंबर में हम , पांडे , मिश्रा , झाजी , द्विवेदी जी के सरनेम वाले ब्लोग्गर ही आते ......काश कि इस पर कोई सीरिज़ चालू हो ...........

शनिवार, 8 मई 2010

निरूपमा ..तुम्हें अपने आप को यूं मरने नहीं देना चाहिए था ...अजय कुमार झा



सोचा था कि इस पोस्ट के बाद अब इस विषय पर नहीं लिखूंगा , मगर कल जब चैट स्थिति पर इस बारे में कुछ तल्खी से लिखा तो कुछ मित्रों को ये बात नागवार गुजरी और उन्होंने मुझे उसे बदलने को कहा मैंने बदला मगर इस बार पहले से भी अधिक तल्ख हो गया , कल से आज तक इसी बहस में उलझा हुआ हूं कि,इस पूरी घटना में जितने भी समाचार , रिपोर्टें , नई नई बातें , जांच के नतीजे सामने आ रहे हैं उन्होंने मन को उद्वेलित किया हुआ है । अब भी सब कुछ वैसा का वैसा ही जैसा कि वो पहले दिन से था , पहले एक ने कोशिश करके दूसरे को लपेटा था तो अब दूसरे ने पहले के साथ वही किया है । यहां तक जहां तक ये सब अभी पहुंचा है उससे कुछ बातें स्पष्ट हो चुकी हैं ।

इसमें दोनों ही पक्ष बराबर के दोषी हैं , क्योंकि आज जो भी परिस्थिति बनी है उसके लिए दोनों ही जिम्मेदार हैं । और ये बात अब दोनों को बखूबी पता चल रही है इसलिए एक दूसरे पर निशाना साध रहे हैं । एक पक्ष इसे प्रेम और अंतर्जातीय विवाह के खिलाफ़ मां बाप द्वारा उठाया गया कदम का रंग दे रहा है दूसरा इसे लडकी का शोषण करके उसे इस स्थिति तक पहुंचाने का आरोप लगा रहा है ।

अब ये बात भी लगभग तय होती जा रही है कि आरूषि मर्डर केस की तरह ही इसमें भी आखिर में यही कहा जाने वाला है कि कातिल का पता नहीं चला । और यदि पता चल भी गया तो जितनी अच्छी तरह से इसकी जांच प्रक्रिया, पोस्टमार्टम रिपोर्ट वैगेरह की गई है उससे कोई भी समझ सकता है कि अब किसी को भी सजा दिलवाने लायक काम तो नहीं ही हो सका है और आगे होगा भी नहीं । ये उनके लिए बहुत ही खुशी की बात है जो चीख चीख कर दोनों को ही निर्दोष बता रहे हैं ।

ये हो हल्ला भी ज्यादा सिर्फ़ इसलिए मचाया जा रहा क्योंकि इससे कहीं न कहीं ये पत्रकार, मीडिया कर्मी , प्रशिक्षु पत्रकार और देश की सर्वोच्च संस्थानों में पढ रहे ऐसे सभी छात्र छात्राओं की छवि उनकी जीवन शैली पर भी एक बडा सा प्रश्न चिन्ह लगाता सा दिख रहा है । उसे जस्टीफ़ाई करने के लिए ही ये इतना बावेला मचा हुआ है ।

अब इनसे अलग कुछ उन मुद्दों पर भी कुछ बातें आमने सामने हो जाएं जिन पर बहुत कुछ कहा सुना जा रहा है :-

इस पूरी घटना को जातिवाद और अंतर्जातीय प्रेम /विवाह के खिलाफ़ किया गया अपराध का मुलम्मा चढाने वालों के लिए कुछ प्रश्न हैं मेरे । मुझे एक बात समझ में नहीं आती कि अब है कहां वो जातिवाद , बचा हुआ .एक समय था जब वोट तक देने के लिए ठेकेदार चलती थी और कुछ बडे ब्राह्मणों को ही नेता लोग ठेका दे दिया करते थे और हो जाता था सब , मैंने खुद ये महसूस किया हुआ है । अब हालात बहुत बदल चुके हैं , और सब जानते समझते हैं कि बदल चुके हैं । हां यदि आप हरियाणा , उत्तर प्रदेश के मेरठ , बुलंदशहर में किए जाने युगल प्रेमियों की हत्या से इसे जोड कर देख रहे हैं तो स्पष्ट बता दूं कि न तो झारखंड न ही बिहार में अभी भी ऐसी घटनाएं देखने सुनने में आ रही हैं । जो परिवार अपनी बेटी को अकेली पढने के लिए महानगरीय परिवेश में भेज सकता है वो सिर्फ़ इस वजह से कि उसे किसी दूसरी जाति के लडके से प्यार हो गया है उसकी हत्या कर देगा , ऐसी बात तुरत फ़ुरत में हजम नहीं होती । हां इसे ऐसा रंग देने वाले यदि ऐसी ही कुछ और घटनाएं , वो भी उसी क्षेत्र का उदाहरण यहां रख सकें तो शायद सोचना सरल होगा ॥

अब बात इसकी कि जो इसे प्रेम और प्रेमियों के दुशमनों की करतूत के रूप में देख दिखा रहे हैं । आज प्रेम होना कोई अजूबा नहीं रहा है । और अब तो यदि जो इसे सिर्फ़ शारीरिक स्वछंदता में भी बाधा मान रहे थे उन्हें भी न्यायपालिका ने वैधानिक मान्यता देकर छूट दे ही दी है । मगर इसके बावजूद जब भी आप ऐसे रिश्तों में बंधते हैं तो फ़िर दो बातों का निर्णय तो करना ही होगा । जैसा कि भाई आवेश तिवारी जैसे प्रबुद्ध पत्रकार जब लिखते हैं कि ,"और हां, मुझे उनकी उम्र से जुड़ा शरीर के रहस्यों के प्रति प्रयोग की अंतहीन सीमाओं का स्वाभाविक सच भी नजर आता है, जिन पर पंडितजी लोगों को सर्वाधिक एतराज है, " तो फ़िर ये तो सोचना ही होगा कि क्या इस शरीर के रहस्यों के प्रति प्रयोग की अंतहीन सीमाओं का सच जानने के लिए पूरा समाज तैयार हैं । क्या ऐसे रिश्तों में पडकर लडकियों द्वारा , गर्भ धारण करना , यदि भूल या गलती न भी मानी जाए तो सचमुच ही अनुकरणीय कदम है और इतना सकारात्मक भी कि जब किसी घर की कोई युवती ,बच्ची (बच्ची इसलिए कह रहा हूं कि ये भी अब कोई अनोखी बात नहीं रह गई है ) अपने घर आकर अपने माता पिता भाई बहनों को आकर ये खबर दे कि बिना विवाह किए वो गर्भवती हो गई है ,तो प्रतिक्रिया क्या ऐसी होगी कि बहुत अच्छी बात है बिटिया आज इस काम के लिए जरूर एक दिन तुझे और हमें समाज याद रखेगा , न भी रखे तो हमारी बला से । तो यदि ऐसा ही है तो फ़िर ये जो हर आधे मिनट में गर्भ निरोधक औषधियों का विज्ञापन सबको जबरन दिखाया जा रहा है क्यों इतनी मेहनत कर/करवाई जा रही बेकार में । भई अब भारत को इन सब फ़ालतू बातों की जरूरत नहीं रही है ।

अब जरा उन भाई साहब को देख लें जिन्हें न्याय चाहिए , आखिर उनके प्रेम को लोगों ने समझा नहीं । बात तो सही है , मगर कुछ बातें उन्हें जरूर बतानी चाहिए थी । आखिर वो कौन सी मजबूरी थी कि निरूपमा को इतने विकल्प होने के बावजूद इस गर्भवती होने की स्थिति में पहुंचना पडा । और इन परिस्थितियों में पहुंचने के बावजूद क्यों उसे अकेले ही सबकुछ झेलने के लिए भेजा गया । मेरे ऐसा मानने पर बहुत से साथियों ने ये कह कर एतराज़ जताया कि वो कैसे बचा सकता था । मेरी छोटी सी समझ में फ़िर ये नहीं आया कि निरूपमा की मौत से कुछ दिन या शायद कुछ घंटे पहले तक जो भी संवाद दोनों में होता रहा , क्या उसमें कभी भी इस बात का जिक्र नहीं हुआ कि घर में इस बात से कोई तनाव है । उसकी मौत के बाद परिवार जनों पर हत्या का मुकदमा दर्ज़ करवाने के लिए जितनी भागदौड बाद में की गई यदि उसका आधा प्रयास भी पहले किया गया होता तो शायद आज नज़ारा अलग ही होता । चलिए ये भी मान लिया ,कि पहले कुछ नहीं हो सका मगर क्या कोई इतना मजबूर हो सकता है कि उसकी मौत के बाद आखिरी बार ही सही उसे देख भी आए ।खुद न सही उनके परिवार का ही कोई , कोई दोस्त मित्र , ये जो आज मीडिया का जमावडा लगा हुआ है हो कोई भी । आज भी जब टेलिविजन पर प्रियभांशु को देखा तो मुझे कहीं से भी ऐसा नहीं लगा कि ये दुनिया का सताया हुआ ,टूटा हुआ , थका हुआ , वो प्रेमी है जिसकी प्रेमिका को कुछ दिन पहले कत्ल किया गया हो ।और न ही आज तक कोई इस बात की गारंटी दे सका है कि निरूपमा की मौत के सदमे से पीडित उसका ये प्रेमी अब जीवन में कभी भी प्रेम या विवाह नहीं करेगा ।


अब कुछ सवाल निरूपमा की आत्मा से जिसका जवाब अब कभी भी मुझे नहीं मिलेगा॥ सबसे पहला ये कि जब वो उस पेशे में जाने के लिए प्रयासरत थी जिन्हें चौथा स्तंभ कहा जाता है , दूसरों के लिए लडने का जज़्बा लिए हुए आगे बढने की आदत सी हो जाती है आखिर उसमें रहते हुए निरूपमा ने खुद को इतनी मजबूरी की हालत में क्यों पहुंच जाने दिया । आखिर वो कौन से कारण थे जिनकी वजह से वो इन विपरीत परिस्थितियों में घर पहुंच कर भी न तो अपने उस सच को छुपा सकी न ही खुद को बचा सकी । आखिर उसे ये तो अंदाज़ा ही होगा कि उसके ऐसा कहने पर क्या क्या हो सकता है बेशक ये अंदाज़ा न भी हो कि नौबत कत्ल तक पहुंच जाएगी तो भी यदि उसे लगा कि कुछ गडबड है तो फ़िर उसे भी बहाने से या तो दिल्ली आ जाना चाहिए था , या फ़िर प्रियभांशु को ही बुला लेना चाहिए था । आज यदि इस तरह पढी लिखी लडकियां भी एक आसान शिकार बनने देती रहेंगी खुद को तो फ़िर कौन ......कौन बदलेगा इन स्थितियों को ....और कब बदलेंगी ये स्थितियां ।

मुझे नहीं पता कि आगे जाकर इस पूरे घटनाक्रम का अंज़ाम क्या होगा । और दिल कह रहा है कि एक और आरूषि मर्डर मिस्ट्री की तरह मिस्ट्री तैयार की जा रही है ।मगर इतना ये मन कह रहा है कि हत्या उसके अपनों ने ही की है यदि हत्या है तो, आत्महत्या है तो वो भी अपनों के कारण ही की है और इसके लिए जिम्मेदार उनके अपने में से ही कोई ...माता , पिता, भाई , मामा या खुद उसका प्रेमी ..सभी बेशर्मी की चादर ओढे ..तूने तूने किया करके उस मासूम की मौत को भी शर्मसार कर रहे हैं ।बस इसके आगे अब कुछ सोचने कहने का मन नहीं है ...................................और हां एक आखिरी बात जो मुझे ये समझाने की कोशिश कर रहे हैं कि प्रेम और अंतर्जातीय विवाह की समझ नहीं है तो उनकी सूचना के लिए बता दूं कि मैंने खुद प्रेम विवाह किया है और अंतर्जातीय ही किया है , और ऐसा करने वाला शायद मैं अकेला नहीं हूं ।

गुरुवार, 6 मई 2010

कसाब का फ़ैसला .....फ़ांसी की सजा .....इसमें नया क्या था ??


जैसा कि अपेक्षित ही था कि कसाब के मुकदमें में जो फ़ैसला आना था वही आया यानि फ़ांसी । सच कहा जाए तो ये सबको पता ही था कि कसाब को सिर्फ़ फ़ांसी ही दी जा सकती है जितना संगीन उसका अपराध है , और कानूनन भी उसके लिए यही सजा (यानि देशद्रोह और देश पर आक्रमण जैसे अपराध के लिए भारतीय कानून में मृत्युदंड की सजा का ही प्रावधान है )। इस सजा पर अब देश में कोई प्रतिक्रिया आएगी या ऐसी अपेक्षा नहीं की जानी चाहिए । इससे पहले मिली फ़ांसी की सजाओं और उनके क्रियान्वयन में हो रहे लचरपन को देखते हुए अब किसी अपराधी को फ़ांसी की सजा मिलना किसी के लिए उद्वेलित करने वाली बात नहीं रह गई है । हालात तो ऐसे हैं कि पाकिस्तान भी अब अफ़जल गुरू और सभी अपराधियों के प्रति भारतीय सरकार और कानून वयवस्था की हालत देख कर बिल्कुल निश्चिंत हो चुका है इसलिए बिल्कुल चिंतामुक्त होकर बैठा हुआ है ।

अभी तो हो सकता है कि मानवाधिकार के कुछ हिमायती शायद ये दलील देनें भी आएं कि मृत्युदंड की सजा प्रकृति के नियम के खिलाफ़ है और किसी को किसी का जीवन छीनने का अधिकार नहीं है । बेशक वे ये बात कहते हुए बेशर्मी से इस बात को भूल जाएंगे कि जिन मासूम निर्दोषों को इन हैवान बन चुके इंसानों बेवजह ही गोलियों से भून डाला , जीने का अधिकार तो उनका भी था । अब सिर्फ़ फ़ांसी की सजा देने की खानापूर्ति करना ( धनंजय चटर्जी की फ़ांसी के बाद से फ़ांसी की सजा पाए अपराधियों को उनके अंजाम तक पहुंचाने के लिए सरकार जिस तरह का ढुलमुल रवैया अख्तियार किए हुए बैठी है ,उससे तो ये सिर्फ़ एक खानापूर्ति ही बन कर रह गया है ) ,किसी भी तरह से जब आम जन को ही संतुष्ट नहीं कर पाता तो क्या ये
उन सैकडों परिवारों जिन्होंने इनके कारण अपनों का साथ खो दिया ,उनके दिल को कैसे चैन मिलेगा । खासकर जबकि वे जानते हैं कि अभी तो दो साल और करोडों रुपए सिर्फ़ इस बात के लिए खर्च किए गए हैं कि सब ये न कहें कि भारत ने कसाब जैसे आतंकवादी के साथ भी कितना नाइंसाफ़ी नहीं होने दी क्योंकि उसने ये अपराध किया है ये साबित करने की तो जरूरत थी ही नहीं । और इसी बात के लिए अभी तक (याद रहे कि अभी तो ये अदालत का सबसे निचला पायदान है )करोडों खर्च किए जा चुके हैं और जितने खर्च हुए हैं उससे ज्यादा अभी खर्च होने बाकी हैं ।

सरकार बता सकती है कि ये जो पैसे कसाब के साथ कोई नाइंसाफ़ी नहीं हुई है सिर्फ़ ये दिखाने के लिए खर्च किए हैं सरकार ने और आगे भी जरूर करेगी , वो क्या कसाब के बाप ने भारत सरकार के पास रखवाए थे, या पाकिस्तान ने नकली नोटों ( पाकिस्तान भारत के नकली नोटों को बनाने में सबसे माहिर है ) की तगडी खेप भारत भेजी थी । यदि ये आम जनता की गाढी कमाई में से टैक्स रूपी हफ़्ता वसूली का ही हिस्सा था तो फ़िर तो यकीनन ये उनकी कमाई में से भी गया होगा जिनके अपनों को इस कसाब कसाई के लोगों ने मारा । तो ऐसी कमाल की न्याय व्यवस्था तो आपको भारत में ही मिलेगी । एक कमाल की बात और भी है कि आज जिस अमेरिका के समकक्ष बनने और उसके जैसे एक महाशक्ति बनने का सपना देखा दिखाया जा रहा है जनता को , उसे ये बात कैसे समझाई जा सकती है कि एक अमेरिका अपने ऊपर हमले के बदले में उस पूरे देश की बखिया उधेड कर रख देता है , एक भारत है सालों से देश के गुनाहगारों का कुछ बिगाड ही नहीं पाता ।


आज यदि ये कर के दिखाया जाता कि , कुछ इस तरह का फ़ैसला दिया जाता कि , कसाब , अफ़जल और इन जैसे तमाम हैवानों को खुलेआम , बीच चौराहे पर वो लोग , जिनके लोगों को इन्होंने मार डाला ,पत्थर मार मार के ,कुचल दें तो शायद जरूर ही ऐसी किसी सज़ा का कोई मायने होता । अभी तो सबके लिए ये सिर्फ़ और सिर्फ़ एक रूटीन फ़ैसला है , वो भी ऐसा जिसका अमल जाने कब तक हो पाएगा और इस बात की भी कोई गारंटी नहीं है कि तब तक कोई और नया कसाब, अजमल, अफ़जल फ़िर से ऐसा ही कुछ नहीं करेगा ???????
Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...