सियासत लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
सियासत लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 26 अगस्त 2013

कुछ भी , कभी भी .........




आज देश की सर्वोच्च विधायी संस्था , संसद में ,मांग उठाई गई कि देश के एक स्वनाम धन्य संत आसाराम बापू पर लगे बलात्कार जैसे संगीन अपराध वो भी उनकी ही एक नाबालिग अनुयायी के साथ , के मामले पर सरकार सिर्फ़ इस वजह से गंभीर नहीं है क्योंकि उनके साथ " धर्म " और उनके अंधानुयायियों का भारी दबाव काम कर रहा है जो शायद पुलिस प्रशासन और सरकार को सीधे सीधे उस कानूनी कार्रवाई को करने से रोक रहा है जो उन्हें करना चाहिए । ये स्थिति अपने आप में ही सारी बातों को स्पष्ट करने के लिए काफ़ी है ।



इसी के समानांतर , महानगर मुंबई में एक फ़ोटो पत्रकार का बलात्कार , जिसके पांच आरोपियों को पुलिस जीतोड कोशिश के बाद देश के अलग अलग कोने से गिरफ़्तार करने में सफ़ल हो जाने की खबरें भी आम लोगों को मिलती हैं । अब आम आदमी के सामने ये प्रश्न खडा हो जाता है कि आखिर धर्म की ढाल क्या इतनी मज़बूत हो गई है आज कि पुलिस और प्रशासन तक इतने पंगु दिखाई दे रहे हैं कि संसद जैसी राष्ट्रीय संस्था को अपने सभी जरूरी काम काज को छोडकर इस मुद्दे की ओर ध्यान खींचना पडा । जो भी हो आज प्राथमिकी दर्ज़ कराए इतना समय तो हो ही गया है कि कम से कम पुलिस उस स्थिति में खुद को ला पाती कि या तो आरोपी को गिरेबां से धर के अदालत की चौखट तक खींच लाती या फ़िर सीधे सीधे ये साबित कर पाती कि आरोप उस हद तक मिथ्या या संदेहास्पद हैं कि अन्य कानूनी विकल्पों का सहारा लिया जाए । इस पूरे मामले में आगे कब क्या होगा कैसे होगा और क्या परिणाम निकलेगा ये तो भविष्य की बात है किंतु इतना तो तय है कि आज कानून और इसके निगेहबान , लाख दलीलों तर्कों से आम आदमी को ये भरोसा नहीं दिला सकते कि कानून सभी के लिए समान है ।





अब बात करते हैं दूसरे घटनाक्रम की , जो इत्तेफ़ाक से धर्म के इर्द गिर्द ही घूमता फ़िरता प्रतीत होता है बेशक उसके आगे पीछे कोई राजनीतिक , या कैसी भी कोई और सोच हो । उत्तर प्रदेश में संतों द्वारा  परंपरागत रूप से की जाने और बरसों से चली आ रही चौरासी कोस परिक्रमा किए जाने की घोषणा की जाती है । इस परिक्रमा से जुडे मिथक और सत्य का सारा सच तो  संत समाज ही बेहतर जान समझ सकता है लेकिन कुल मिलाकर इसे आम अवाम के सामने इस तरह प्रस्तुत किया जाता है मानो ये इस समय किया जाने वाला सबसे पहला और आखिरी जरूरी धार्मिक कृत्य था जिसका अभी और सिर्फ़ अभी पूरा होना ही नितांत आवश्यक था ।


उत्तर प्रदेश की राज्य सरकार जो पहले से ही  मुस्लिक तुष्टिकरण के आरोपों तले किसी तरह से अपना कार्यकाल एक एक दिन आगे बढा रही थी और जिस पर ताज़ा ताज़ा एक अन्य घटना के कारण भी भारी दबाव था अपेक्षित प्रतिक्रिया दिखाते हुए , इस यात्रा को सुरक्षा मुहैय्या कराके फ़ौरन पूरी करा देकर किसी अनावश्यक और अप्रिय स्थिति को टालने के विकल्प के मौजूद होने के बावजूद भी , न सिर्फ़ इस पर सिरे से प्रतिबंध लगाने का मन बना लिया बल्कि इसे करते हुए ऐसा प्रदर्शित किया मानो प्रदेश पर चीन या पाकिस्तान के हमले को विफ़ल करने जैसा काम कर लिया हो । ये आग अभी तो सुलगी है और जब तक सब कुछ ठंडा होगा तब तक ये दावानल क्या कितना खाक करेगा ये वक्त ही बताएगा ।
"यहां एक सवाल जो मन में कौंध उठा अचानक कि क्या अच्छा होता यदि ऐसी कोई परिक्रमा यात्रा , अभी हाल ही में टूट कर बिखर चुके राज्य उत्तराखंड के प्रभावित गांव कस्बों की ओर कूच करके पूरी की जाती । जाने वाले लोग अपने साथ वहां जिंदगी को दोबारा पटरी पर लौटाने के लिए जूझते अपने जैसे ही कुछ इंसानों की मदद के लिए जो भी संभव होता वो ले जाते , श्रम करते , सहायता करते । क्या उससे मिला सुकून इस परिक्रमा से मिले सुकून से कम होता ? क्या किसी राज्य सरकार , किसी केंद्र सरकार , किसी कानून , किसी धर्म में इतनी हिम्मत थी कि मानवीयता /इंसानियत को बचाने बसाने के लिए की जाने वाली इस परिक्रमा को टेढी नज़र से भी देख पाती ?"

रविवार, 5 मई 2013

कसाब को फ़ांसी का बदला : सरबजीत का कत्ल



उस दिन सुबह सुबह जब मुझे सफ़र के दौरान पाबला जी का मैसेज मिला शायद सुबह आठ सवा आठ का कोई वक्त रहा होगा , मैं ट्रेन की खिडकी पर बैठा बैठा चौंक पडा था और मेरे हावभाव देख कर सहयात्री भी । मेरे मुंह से निकला ओतेरे कि ! कसाब को टांग दिया " । सहयात्री हैरान मेरा मुंह देखने लगे । पूरी खबर जानने के लिए मोबाइल में भास्कर डॉट कॉम देखना शुरू किया , सिलसिलेवार खबर मिल गई , और निरंतर मिलती गई । सहयात्रियों में बातचीत शुरू हो चुकी थी , और मेरे मुंह से बेसाख्ता निकला ," कसाब को टांग दिया गया , ठीक हुआ , लेकिन अब शायद सरबजीत की रिहाई नहीं होगी कभी " । साथ बैठे सहयात्री ने कहा , " हां असर तो पडेगा " मैंने कहा नहीं , यही होगा , मुझे आभास हो रहा है।


फ़िर कसाब के बाद अफ़ज़ल की बारी आई । इस बीच दिमाग से सरबजीत का मुद्दा निकल चुका था कि अचानक ही फ़िर से समाचार चैनलों में सरबजीत का नाम चमकने लगा , वजह भी पता लग गई और अपने आभास पर यकीन भी हो चला । मुझे लगा कि ये आभास मुझे अकेले को ही नहीं हो रहा था शायद , खैर ।
सरबजीत पर हमले की आशंका के बाद उसका गहन चिकित्सा कक्ष में रखे जाने की खबर मुतमइन सा कर गई , क्योंकि अस्पतालों में आईसीयू की रेपुटेसन अब कैसी है किसी से छुपी नहीं है इसलिए सच या झूठ कहा ये भी गया कि मौत तो पहले ही हो चुकी थी , लेकिन पहले न सही बाद में तो वो निश्चित कर ही गई । लेकिन शरीर के घर पहुंचने पर पता चला कि जीवन रक्षक कुछ अंगों को पहले ही निकाल लिया गया है , अब बेशक पाकिस्तान से बयान आ सकता है कि वे अंग तो सरबजीत के शरीर में कभी थे ही नहीं ।


मौत के साथ सरबजीत की जिंदगी खत्म हो गई , मगर इस देश में तो सियासत फ़ौजियों के कफ़न और ताबूत तक में हो चुकी है तो फ़िर ये तो मौत भर थी । सियासत और सरकार ने गरीब देश के गरीब खजाने से , जो कि हमेशा घाटे में ही चलता है , करोडों लाखों की पोटली , उस गमगीन परिवार के माथे पर रख दी । बिना ये सोचे कि सरबजीत के जैसे सैकडों कैदी अभी भी पडोस के जेल के किसी साथी की दो चार ईंटों से सर फ़ुटवाने की राह देख रहा है , बिना ये सोचे कि पोटली , किसी शहीद फ़ौजी के परिवार के माथे पर रखी पोटली से ज्यादा कम भारी तो नहीं हो गई , लेकिन जितनी बडी सियासत , उतनी बडी पोटली ।


इधर जाने कहां से इस हत्या के बाद सरबजीत की मौत को शहादत न मानने और उसे कतई भी शहीद तो नहीं ही , माने जाने का वैचारिक द्वंद भी शुरू हो गया । सरबजीत के रूप में एक भारतीय का कत्ल वो भी चिर दुशमनों के हाथों , अब चाहे लाख क्रिकेट  और म्युज़िक के पुल बनाकर इन्हें दोस्ती के फ़ट्टे पर बिठाइए पर असल में उस फ़ट्टे के नीचे दो तलवारें आपस में तनी ही मिलेंगी , जैसा दिल से सोचने वाले इसे उसकी शहादत ही मान रहे हैं जबकि इसे दूसरे नज़रिए से देखने दिखाने वाले ..सीधे सीधे सरबजीत को आतंकी कहने से जरा बच ही रहे हैं । यूं असल में देखा जाए तो सरबजीत की हत्या और मौत पर बोलने का हक सिर्फ़ और सिर्फ़ उसके परिवार को ही है । इसके फ़ौरन बाद भारत में भी एक पाकिस्तानी कैदी के साथ मारपीट करने की खबर भी आ ही गई , यानि अभी ये सिलसिला एकदम से थम नहीं जाएगा ।


अब बात कानून की , पडोसी देश की जो अदालत , पाकिस्तानी हुक्मरान तक को दुम दबा कर भागने पर मजबूर कर दे रही हो , उसे आखिर ये तथाकथित मंजीत और सरबजीत वाली थ्योरी दिखी या दिखाई क्यों नहीं दी , समझने की कोशिश हो रही है । वैश्विक कानून और अंतरराष्ट्रीय विधि , विषयों और देशों के आचरण और उनकी शक्ति के अनुसार ही लागू होती है , ये पिछले दिनों इटली के आरोपी सैनिकों वाले मामले और अब सरबजीत के मामले में स्पष्ट दिख ही रहा है । जो भी प्राकृतिक कानून भी यही कहता है कि न्याय सिर्फ़ होना नहीं चाहिए बल्कि न्याय होते हुए महसूस भी होना चाहिए
Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...