
दिल्ली ब्लोग्गर्स की एक खासियत तो अब खुल कर सामने आने लगी है कि आपस में मिल बैठ कर बतियाने , और ब्लोगियाने के लिए उन्हें बस किसी बहाने भर की तलाश रहती है , और बाहर से आने वाला किसी ब्लोग्गर से मिलने के बहाने से खूबसूरत और कौन सा बहाना हो सकता है । अब तक इसी तरह , श्री बी एस पाबला जी , श्री दीपक मशाल जी , श्री राज भाटिया जी , श्री अलबेला खत्री जी के दिल्ली आने पर इस तरह की बैठकों का आयोजन होता रहा है । इस बार दिल्ली ब्लोग्गर्स को ये बहाना दिया ज्योतिष विशेषज्ञ ब्लोग्गर्स श्रीमती संगीता पुरी जी और छत्तीसगढ के मशहूर ब्लोग्गर श्री ललित शर्मा जी ने ।

संगीता पुरी जी अपने किसी पारिवारिक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए पहले ही दिल्ली पहुंची हुई थीं जबकि ललित जी का कार्यक्रम भी बन गया । फ़टाफ़ट में तारीख और स्थान तय किया गया । इतने अल्प समय में नेट और फ़ोन के माध्मय से जितनी सूचना जहां जहां तक पहुंच सकती थी वो पहुंचाई गई । पश्चिमी दिल्ली के छोटूराम जाट धर्मशाला में रविवार २३ मई को दोपहर तीन बजे से शाम के छ: बजे तक इस ब्लोग बैठक का आयोजन किया गया । जैसा कि पूर्व में की गई बैठकों में भी दिल्ली ब्लोग बैठकी का और कुछ उद्देश्य हो न हो मगर एक सबसे अहम उद्देश्य होता है आपसी स्नेह को बांटना और एक दूसरे के अनुभवों को समझना । किंतु इस बार ये थोडे मायनों में अलग इसलिए रही क्योंकि इस बार भाई अविनाश वाचस्पति जी की पहल पर और बहुत से साथी ब्लोग्गर्स के सुझाव के अनुसार ब्लोग्गर्स के किसी संगठन पर राय विमर्श करके कुछ निष्कर्ष निकाला जाए ।
बैठक की शुरूआत औपचारिक परिचय के साथ हुई । सबसे खुशी की बात ये रही कि इस बार पिछली बैठक में उपस्थित रहे तमाम ब्लोग्गर साथियों के अलावा और बहुत से नए साथी भी जोश खरोष के साथ पहुंचे थे । इस बैठक में शामिल होने वाले ब्लोग्गर्स साथी थे , श्री ललित शर्मा जी , श्रीमती संगीता पुरी जी , श्री अविनाश वाचस्पति,श्री रतन सिंह शेखावत , श्री खुशदीप सहगल,श्री इरफ़ान, श्री जय कुमार झा, श्री एम वर्मा , श्री राजीव तनेजा , एवं श्रीमती संजू तनेजा , श्री विनोद कुमार पांडे , श्री पवन चंदन जी , श्री मयंक सक्सेना , श्री नीरज जाट , श्री अमित (अंतर सोहिल ) , सुश्री प्रतिभा कुशवाहा जी, श्री एस त्रिपाठी ,श्री आशुतोष मेहता , श्री शाहनवाज़ सिद्दकी , श्री सुधीर, श्री राहुल राय , डा. वेद व्यथित, श्री राजीव रंजन प्रसाद , श्री अजय यादव ,अभिषेक सागर , डा. प्रवीण चोपडा,श्री प्रवीण शुक्ल प्रार्थी , श्री योगेश गुलाटी , श्री उमा शंकर मिश्रा , श्री सुलभ जायसवाल ,श्री चंडीदत्त शुक्ला , श्री राम बाबू,श्री देवेंद्र गर्ग जी , श्री घनश्याम बाग्ला , श्री नवाब मियां , श्री बागी चाचा ,और मैं खुद यानि अजय कुमार झा । इनके अलावा फ़ोन के माध्यम से भी हमारे बीच उपस्थित होने वालों में श्री समीर लाल , सुश्री शोभना चौरे जी , श्री ताऊ , और भी कई अन्य साथी । इनके अलावा इस बैठक में एक जिस बालक ने सबसे बडी भूमिका निभाई ,वो रहा राजीव और संजू तनेजा जी के सुपुत्र माणिक तनेजा । इस बालक ने पूरी बैठक के दौरान सबका ख्याल रखा और सबसे बढकर सारी तस्वीरें उतारीं जिन्हें आप देख पा रहे हैं ।
बैठक की शुरूआत सबके औपचारिक परिचय के आदान प्रदान से प्रारंभ हुई । सभी साथियों ने अपना परिचय दिया । अविनाश वाचस्पति जी ने , बैठक की प्रस्तावना पेश करते हुए कुछ अहम बातें कहीं हिन्दी ब्लॉगिंग को उन दोषों से दूर रखने का प्रयास करेंगे जो टी वी, प्रिंट मीडिया और अन्य माध्यमों में दिखलाई दे रहे हैं। द्विअर्थी संवाद और शीर्षकों से बचे रहेंगे। जो भाषा हम अपने लिए, अपने बच्चों के लिए चाहते हैं - वही ब्लॉग पर लिखेंगे और वही प्रयोग करेंगे। ब्लॉगिंग को पारिवारिक और सामाजिक बनायेंगे, जिससे भविष्य में इसे प्राइमरी शिक्षा के पाठ्यक्रम में शामिल किया जा सके। ब्लॉगिंग में वो आनंद आना चाहिए जो संयुक्त परिवार में आता है। यहां पर उसकी अच्छाईयां ही हों उसकी बुराईयों से बचे रहें। हम सबका प्रयास होना चाहिए कि जिस प्रकार आज मोबाइल फोन का प्रसार हुआ है उतना ही प्रचार प्रसार हिन्दी ब्लॉगिंग का भी हो परंतु उसके लिए हमें संगठित होना होगा। इसके लिए हमें एक संगठन बना लेना चाहिए। जो ब्लॉगर इस संबंध में पंजीकरण, नियमों इत्यादि की पूरी जानकारी रखते हों वो इस संबंध में कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए कार्रवाई शुरू कर लें। उसमें कौन किस तरह से जुड़ेगा, किस पद पर रहेगा, यह सब आपसी सार्थक विचार विमर्श से तय किया जा सकता है पर शुरूआत हमें राजधानी से ही करनी होगी।
ब्लॉग की पोस्टों या टिप्पणियों में अपनी कुंठाओं को जाहिर नहीं करना चाहिए। आपने फिल्मों में ही सही झुग्गियों का माहौल देखा होगा जहां पर शिक्षा का प्रसार नहीं है। इस माहौल में जिस तरह से गाली गलौच का प्रयोग किया जाता है वो किसी को ठीक नहीं लगता।जिस प्रकार अपने बच्चों के लाभ के लिए हम सदा सक्रिय रहते हैं, उसी प्रकार ब्लॉगों के भले के लिए जागृत रहना चाहिए। और जो काम हम अपने लिए नहीं चाहते वो दूसरों के लिए भी न करें – देखना सारे फसाद उसी दिन खत्म हो जायेंगे। हम सबको मिलकर हिन्दी ब्लॉग की दुनिया को बेहतर बनाना है। इस बेहतर दुनिया को फिर अपने पास पड़ोस में स्थापित करना है। एक दिन सब मोहल्लों में प्रत्येक नुक्कड़ पर ब्लॉगर मिलन हो रहा होगा फिर अलग से इस प्रकार के आयोजनों की जरूरत नहीं रह जाएगी और यह एक आदर्श स्थिति होगी। इसके अलावा विस्तार से और भी बहुत कुछ जिन्हें आप इस पोस्ट पर पढ सकते हैं । इस बीच जलपान/कुछ भारी जलपान , और शीतल पेय का लुत्फ़ भी भरपूर उठाया जा रहा था । इसके बाद शुरू हुआ विचार विमर्श ।

चूंकि प्रस्तावना में ये बात कही गई थी कि ब्लोग्गर्स को एक साथ संगठित होने /किए जाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है इसलिए स्वाभाविक रूप से बात उसी मुद्दे से शुरू हुई । जैसा कि उपर कह चुका हूं कि बहुत से साथी जो पहली बार शिरकत कर रहे थे उन्होंने अपनी आशंकाओं , अनुमानों के साथ प्रश्नों की झडी लगा दी । सबसे पहले बात उठाई मिश्र जी ने जिन्होंने ब्लोग्गर्स के किसी भी संगठन के निर्माण से पहले , या किसी भी संगठन को स्थापित किए जाने से पहले उसके उद्देश्यों को तय किये जाने की बात कहीं । उन्होंने कहा कि बिना उद्देश्य कोई भी संगठन यदि तैयार भी कर लिया जाए तो उसका प्रतिफ़ल बहुत प्रभावकारी नहीं निकलेगा । बात को आगे बढाया श्री एम वर्मा जी जिन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में ब्लोग्गर्स पर जो भी जिम्मेदारी बढने वाली है और संभावना है कि ब्लोग्गिंग की बढती ताकत को पहचानते हुए उसे दबाने की कोशिश की जाए तो इसके लिए अभी से तैयारी करना आवश्यक होगा । डा. प्रवीण चोपडा जी ने भी संगठन को अपनी सहमति देते हुए उसका उद्देश्य भी तय करने का विचार रखा । उन्होंने एक महत्वपूर्ण सुझाव रखते हुए कहा कि अच्छा होगा कि चूंकि हम सब ब्लोग्गर्स आभासी रूप से एक दूसरे से जुडे हैं इसलिए क्या अच्छा हो कि एक औनलाईन फ़ोरम ही इसके लिए तैयार किया जाए । उदाहरण रखते हुए उन्होंने बताया कि इस तरह का एक फ़ोरम फ़िलहाल मौजूद है तो सूचना के अधिकार के लिए बहुत ही सशक्त लडाई लड रहा है । इसी के तर्ज़ पर इंडियाब्लोगर्स फ़ोरम जैसा कुछ बनाया जा सकता है । इसके बाद इरफ़ान जी ने अपने ब्लोग्गिंग और कार्टून के पेशेगत अनुभवों को बांटते हुए बताया कि किस तरह उनके एक कार्टून ने न्यायपालिका तक को मजबूर कर दिया । और यही अभिव्यक्ति की ताकत है ।
अरे रे रे रे ...........पूरे पांच साढे पांच घंटे तक चली इस बैठक का पूरा हाल मैं एक पोस्ट में तो नहीं दे सकता , कम से कम मुझ से तो ये नहीं होगा । इसलिए कल की पोस्ट भी लिखनी पडेगी । कल की पोस्ट में बातें करेंगे ..ब्लोग संगठन के संभावित उद्देश्यों की , ब्लोग्गिंग और हिंदी के संबंध की , ब्लोग्गिंग के उद्देश्य और उपयोगिता की , आगामी ब्लोग बैठक/कार्यशाला की रूपरेखा की ....और ..........अरे छोडिए न कल खुद ही पढिएगा .............क्यों पढिएगा न ......?????